Home » मध्य प्रदेश » छत्तीसगढ़ » छत्तीसगढ़ में मानसून सक्रिय, अधिकांश जिलों में वर्षा के आसार

छत्तीसगढ़ में मानसून सक्रिय, अधिकांश जिलों में वर्षा के आसार

छत्तीसगढ़ में मानसून के सक्रिय होने से प्रदेशभर में वर्षा की गतिविधियां तेज हो गई हैं।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के रायपुर केंद्र ने मंगलवार के लिए जारी पूर्वानुमान में बताया है कि राज्य के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है, जबकि कुछ स्थानों पर गरज-चमक, तेज बारिश और वज्रपात की भी आशंका है।
मौसम विभाग ने खराब मौसम को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने तथा अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है। विभाग के अनुसार सक्रिय मानसून के प्रभाव से प्रदेश के अनेक जिलों में बादल छाए रहेंगे और रुक-रुक कर वर्षा का क्रम जारी रहने की संभावना है।
विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के अधिकांश क्षेत्रों में मध्यम वर्षा दर्ज की गई, जबकि रायपुर और सरगुजा संभाग के कुछ स्थानों पर भारी बारिश रिकॉर्ड की गई है।
बारिश के कारण प्रदेश के कई इलाकों में मौसम सुहावना बना रहा तथा तापमान में गिरावट दर्ज की गई। हालांकि पूरे मानसून सत्र के दौरान अब तक राज्य में सामान्य से 24 प्रतिशत कम बारिश हुई है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आगामी दिनों में वर्षा की गतिविधियों में और तेजी आने की संभावना है।
मौसम विभाग के रायपुर केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार 21 से 26 जुलाई तक छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह सक्रिय रहेगा। इस अवधि में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है तथा कई जिलों में रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी रहने से लोगों को उमस से राहत मिलने की उम्मीद है।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर