जयपुर, 12 सितंबर 2025। जयपुर पुलिस आयुक्त श्री बीजू जॉर्ज जोसफ ने पुलिस आयुक्तालय में आयोजित एक विशेष समारोह में अपनी मेहनत, समर्पण और उत्कृष्ट कार्यों के लिए छह पुलिसकर्मियों को “कांस्टेबल ऑफ दी मंथ” पुरस्कार से सम्मानित किया। यह पुरस्कार पुलिस विभाग द्वारा हर माह उन कर्मठ और प्रतिबद्ध कांस्टेबल्स को दिया जाता है जिन्होंने अपने कर्तव्य का उदाहरण स्थापित किया हो।
अगस्त 2025 के लिए चुने गए इन पुलिसकर्मियों ने विभिन्न अपराधों के सफल खुलासे व कानून व्यवस्था बनाए रखने में अहम भूमिका निभाई।
सम्मानित पुलिसकर्मियों और उनकी मुख्य उपलब्धियां:
- श्री सुभाष चन्द (जिला पूर्व, थाना गांधीनगर)
- सागर सिंह के अपहरण व लूट की वारदात का सफल पर्दाफाश कर तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
- श्री मुकेश कुमार (जिला पश्चिम, थाना करणी विहार)
- मालखाना निस्तारण अभियान में जप्त माल का कुशलतापूर्वक निस्तारण किया। आबकारी अधिनियम एवं एनडीपीएस प्रकरणों में जप्त माल के निस्तारण के साथ लंबित मामलों का समाधान किया।
- श्री मनोज कुमार (जिला उत्तर, थाना जयसिंहपुरा खोर)
- जैन मंदिर चोरी और भैंस चोरी के कथित आरोपितों को गिरफ्तार किया। नाबालिग बच्चों को ढूंढ निकालने और दो स्थायी वारंट धारकों को पकड़ने में विशेष भूमिका निभाई।
- श्री राघवेंद्र (जिला दक्षिण, थाना अशोकनगर)
- सेन्ट्रल पार्क में हुई सोने की अंगूठी चोरी की केस में सूचनाएं जुटाकर आरोपी को गिरफ्तार करवाया।
- श्री रोहिताश (यातायात शाखा उत्तर)
- ड्यूटी के दौरान घायल महिला व बच्चों को अस्पताल पहुंचाकर तत्काल सहायता उपलब्ध करवाई, साथ ही परिवार को सूचना देकर उनकी देखभाल सुनिश्चित की।
- श्रीमती सरोज (महिला कांस्टेबल, पुलिस नियंत्रण कक्ष)
- महिला गरिमा हेल्पलाइन 1090 पर प्राप्त लगभग 3341 शिकायतों में से 2948 का त्वरित निस्तारण करवाया। समस्त राजस्थान जिलों से महिलाओं से जुड़ी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई में अहम भूमिका निभाई।
पुलिस आयुक्त का संबोधन
पुलिस आयुक्त बीजू जॉर्ज जोसफ ने इन कर्मठ पुलिसकर्मियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस पुरस्कार से न केवल उनकी मेहनत और समर्पण को मान्यता मिलती है, बल्कि यह पूरे पुलिस बल में बेहतर कार्य संस्कृति को प्रोत्साहित करता है। उन्होंने अधिकारियों और जवानों से अपील की कि वे इसी भावना के साथ जनता की सेवा करते रहें।
जयपुर पुलिस का यह मंच सकारात्मक पहल का परिचायक है, जो दिखाता है कि जमीनी स्तर पर पुलिस बल न केवल कर्तव्यनिष्ठ है बल्कि लगातार नए मुकाम हासिल कर रहा है। ऐसे ही समर्पित पुलिसकर्मियों की वजह से ही जयपुर में कानून व्यवस्था बेहतर बनने की उम्मीद है।






