Home » मध्य प्रदेश » भोपाल-इंदौर समेत 43 जिलों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट, अगले 5 दिन रेड और ऑरेंज चेतावनी जारी

भोपाल-इंदौर समेत 43 जिलों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट, अगले 5 दिन रेड और ऑरेंज चेतावनी जारी

भोपाल

 सावन महीने के पहले प्रदेश में वर्षा की झड़ी लग गई। बीते दो दिन से रुक–रुककर वर्षा का सिलसिला जारी है। बुधवार को भोपाल समेत पूरे प्रदेश में कहीं रिमझिम तो कहीं जोरदार वर्षा हुई। दरअसल, मानसूनी द्रोणिका गुना और दमोह के पास से होकर गुजर रही है, वहीं उत्तर–मध्य हिस्से में ऊपरी हवा का चक्रवात सक्रिय है।

इन दो मजबूत मौसम प्रणालियों के कारण पूरे प्रदेश में वर्षा की गतिविधियां जारी हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले पांच दिन वर्षा का यह सिलसिला जारी रहेगा।

अगले पांच दिन जारी रहेगा बारिश का दौर, तापमान में 3 डिग्री की गिरावट

मौसम विज्ञानी एसएन साहू ने बताया कि सक्रिय मौसम प्रणालियों के कारण प्रदेश में इस सप्ताह अच्छी वर्षा होने के आसार हैं। अगले पांच दिन तक कई हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा होगी, जबकि कुछ स्थानों पर गरजचमक के साथ अचानक तेज भारी वर्षा हो सकती है।

लगातार हो रही वर्षा और बादलों के जमावड़े के कारण प्रदेश के अधिकांश जिलों में दिन के तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हुई। इसके साथ ही रात का तापमान भी सामान्य या उससे कम बना हुआ है।

बुधवार शाम साढ़े पांच बजे तक सबसे अधिक 133 मिलीमीटर यानी लगभग पांच इंच से ज्यादा वर्षा सीहोर जिले के अहमदपुर में हुई। सिवनी में यह 119 मिलीमीटर (करीब साढ़े चार इंच से अधिक), राजगढ़ में 39 मिलीमीटर, सीधी में 29 मिलीमीटर और दमोह में 26 मिलीमीटर दर्ज की गई है।

कहांकितनी हुई वर्षा

शहर दर्ज वर्षा (मिमी)
बैतूल 8.0
भोपाल 11.0
छिंदवाड़ा 16.0
धार 11.0
गुना 0.1
ग्वालियर 0.4
नर्मदापुरम 10.0
इंदौर 2.0
मंडला 9.0
रायसेन 8.0
रतलाम 3.0
रीवा 2.0
सागर 0.4
सतना 0.9
श्योपुर 7.0
उज्जैन 4.0
उमरिया 9.0

(नोट: वर्षा के आंकड़े मिलीमीटर में दिए गए हैं, जो शाम 5:30 बजे की स्थिति में हैं। स्रोत: मौसम विभाग)

प्रदेश के चार बड़े शहरों का तापमान

शहर अधिकतम (°C) न्यूनतम (°C)
भोपाल 26.0 23.6
इंदौर 27.2 23.0
ग्वालियर 33.5 26.7
जबलपुर 29.4 24.0

(नोट: तापमान डिग्री सेल्सियस में)

सिवनी में मांबेटे बहे, मंडला में नर्मदा का जलस्तर बढ़ा

सिवनी में बीते 12 घंटे के दौरान 151 मिमी (6 इंच) वर्षा हुई, जिससे बरघाट, केवलारी, उगली, छपारा में सड़कें तालाब बन गईं। वैनगंगा नदी का जलस्तर बढ़ने से लखनवाड़ा घाट व पुराना पुल जलमग्न हो गया। मंडला में भी जोरदार वर्षा होने से नर्मदा नदी का जलस्तर बढ़ गया है। सिवनी के हरिदर्शन नगर के पास चार वर्षीय ऋषि यादव और उसकी मां सुनीता यादव उफनते नाले में बह गए। क्षेत्रवासियों ने सुनीता को तो सुरक्षित निकाल लिया, लेकिन ऋषि की मौत हो गई।

सिंगरौली में 30 लाख की लागत से बने दो चेकडैम बहे

सिंगरौली के देवसर जनपद की ग्राम पंचायत बेलगांव में तेज वर्षा के कारण करीब 30 लाख रुपये की लागत से निर्मित दो चेकडैम बह गए। 2026 में हाड़ाहिया नाला पर करीब 15-15 लाख रुपये की लागत से यह चेकडैम बनाए गए थे। ग्रामीणों ने गुणवत्ताविहीन निर्माण का आरोप लगाया है। कलेक्टर गौरव बैनल को ज्ञापन सौंपकर उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर