Home » खेल » रहाणे के संन्यास पर रोहित-विराट भावुक, शानदार करियर के लिए दी बधाई

रहाणे के संन्यास पर रोहित-विराट भावुक, शानदार करियर के लिए दी बधाई

नई दिल्ली
अनुभवी बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे ने गुरुवार (30 जुलाई) को क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट से संन्यास ले लिया था.  संन्यास लेने के बाद रहाणे को लेकर साथी खिलाड़ियों और पूर्व क्रिकेटरों की ओर से लगातार प्रतिक्रियाएं आ रही हैं. इस बीच भारतीय टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने भी एक भावुक पोस्ट शेयर कर रहाणे को शानदार करियर के लिए बधाई दी. रोहित और रहाणे ने मुंबई क्रिकेट से लेकर भारतीय टीम तक कई यादगार पल साथ बिताए हैं. दोनों लंबे समय तक टीम इंडिया के ड्रेसिंग रूम का हिस्सा रहे और कई ऐतिहासिक जीतों के गवाह बने.

रोहित शर्मा ने X पर लिखा, ‘हमने कई सालों तक ड्रेसिंग रूम शेयर किया है और मैं जानता हूं कि तुम्हारी जो उपलब्धि हासिल की है, उसके पीछे कितनी मेहनत लगी है. तुम्हारी प्रतिबद्धता और प्रोफेशनलिज्म ने तुम्हें हमेशा सबसे अलग बनाया. शानदार करियर के लिए बधाई. भविष्य के लिए ढेरों शुभकामनाएं.’

38 साल के अजिंक्य रहाणे ने स्टाग्राम पर एक भावुक वीडियो पोस्ट कर अपने क्रिकेटिंग करियर को विराम देने का फैसला सुनाया. उन्होंने भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करने को अपने जीवन का सबसे बड़ा सम्मान बताया और कहा कि देश के लिए खेलना उनके लिए हमेशा गर्व की बात रहेगी.

टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली ने भी अजिंक्य रहाणे को शुभमकामनाएं दी. कोहली ने X पर लिखा, ‘जिंक्स, शानदार करियर के लिए बधाई हो, दोस्त. तुमने भारतीय क्रिकेट के लिए बहुत कुछ किया है और तुम्हें अपनी जर्नी पर गर्व होना चाहिए. स्लिप में सबसे भरोसेमंद फील्डर और मेरे पसंदीदा टेस्ट बैटिंग पार्टनर, हमेशा तुम्हारी सफलता की कामना करता हूं. ईश्वर तुम्हें आशीर्वाद दें.’

अजिंक्य  रहाणे ने भारत के लिए 85 टेस्ट मैचों में 5077 रन बनाए. इस दौरान उनके बल्ले से 12 शतक और 26 अर्धशतक निकले. विदेशी परिस्थितियों में उनका प्रदर्शन अक्सर टीम इंडिया की सबसे बड़ी ताकत माना गया. इसके अलावा उन्होंने 90 ओडीआई मैचों में 2962 और 20 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 375 रन स्कोर किए.

अजिंक्य रहाणे के करियर की सबसे यादगार उपलब्धियों में बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2020-21 रही. एडिलेड टेस्ट में टीम इंडिया के 36 रनों पर ऑलआउट होने के बाद विराट कोहली स्वदेश लौट गए थे, ऐसे में कप्तानी रहाणे के हाथों में आई. मेलबर्न टेस्ट में उन्होंने शतक जड़कर भारत को शानदार जीत दिलाई. इसके बाद युवा खिलाड़ियों से सजी टीम ने गाबा में ऑस्ट्रेलिया का 32 साल पुराना अजेय रिकॉर्ड तोड़ते हुए सीरीज अपने नाम की.

अजिंक्य रहाणे ने छह टेस्ट मैचों में कप्तानी की, जिसमें भारतीय टीम ने चार मुकाबले जीते और दो मुकाबले ड्रॉ रहे. खास बात यह रही कि उनकी कप्तानी में भारत को एक भी टेस्ट में हार का सामना नहीं करना पड़ा. पांच या उससे अधिक टेस्ट में कप्तानी करने वाले भारतीय कप्तानों में उनका जीत प्रतिशत सबसे बेहतर है.

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर