जयपुर, 04 सितंबर 2025 – नगर निगम ग्रेटर जयपुर के ‘शहर चलो अभियान-2025’ के तहत वार्डवार प्री कैम्प का आगाज़ हो चुका है। गुरुवार को महापौर डॉ. सौम्या गुर्जर ने मालवीय नगर जोन कार्यालय में आयोजित इस प्री कैम्प का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
महापौर डॉ. गुर्जर ने शिविर में आए आमजन से संवाद किया और अधिकारियों को मौके पर ही जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। सरकार की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे जनता अपनी समस्याओं को सीधा निगम अधिकारियों के समक्ष रख सकेगी और तत्काल समाधान पा सकेगी।
इस मौके पर चैयरमेन रमेश चन्द्र सैनी, पार्षद महेन्द्र कुमार शर्मा, मालवीय नगर जोन उपायक़्त प्रियव्रत सिंह चारण, अधिशासी अभियंता एवं अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
महापौर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिये कि प्री कैम्प में आने वाले किसी भी नागरिक को कोई असुविधा न हो और समस्याओं का समाधान तत्काल किया जाए। इसके अतिरिक्त, ऑफलाइन आवेदन करने वाले लोगों को मौके पर ऑनलाइन आवेदन करवाने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।
डॉ. सौम्या गुर्जर ने बताया कि यह ‘शहर चलो अभियान’ 15 सितंबर से 2 अक्टूबर 2025 तक चलेगा। इसके पूर्व तैयारी के लिए वार्डवार प्री कैम्प आयोजित किए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य जनसमस्याओं का चिन्हांकन और उनका समाधान करना है। यह अभियान शहरी नागरिकों की समस्याओं के निवारण और निगम द्वारा प्रदत्त सेवाओं के बारे में जानकारी प्रदान करने के लिए अहम कदम है।






