जयपुर, 08 सितंबर 2025। नगर निगम ग्रेटर जयपुर द्वारा चलाए जा रहे “शहर चलो अभियान – 2025” के तहत सोमवार को मानसरोवर जोन के वार्ड संख्या 68, 69 और 70 में प्री-कैम्प का निरीक्षण किया गया। नगर निगम आयुक्त के निर्देशानुसार जोन उपायुक्त एवं अधिकारियों ने आमजन से संवाद स्थापित किया और उनकी समस्याओं का तत्काल निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।
यह अभियान दो चरणों में आयोजित किया जा रहा है। पहले चरण में 14 सितंबर तक वार्डवार प्री-कैम्प चलेंगे, जबकि दूसरे चरण में 15 सितंबर से 2 अक्टूबर तक शिविर लगाए जाएंगे। प्री-कैम्प सुबह 9.30 बजे से शाम 6 बजे तक चलेंगे।
मुरलीपुरा जोन में मुख्यमंत्री स्वनिधि योजना के तहत फॉर्म भरवाने के साथ ही जन्म और विवाह प्रमाण पत्र तत्काल जारी किए गए। सांगानेर जोन में नगरीय विकास कर से जुड़ी शिकायतों का त्वरित समाधान किए जाने की भी जानकारी मिली।
8 सितंबर को सात जोनों में कुल 28 वार्डों में प्री-कैम्प सफलतापूर्वक आयोजित किए गए। अगले दिन भी विभिन्न वार्डों में प्री-कैम्प जारी रहेंगे।
अभियान के अंतर्गत सफाई व्यवस्था सुधार, स्ट्रीट लाइट की मरम्मत, निराश्रित पशुओं का समुचित प्रबंधन, सड़क मरम्मत, पार्कों और सामुदायिक केंद्रों का रखरखाव, सरकारी योजनाओं के आवेदन, जन्म, मृत्यु और विवाह प्रमाण पत्र जारी करना, व्यापारिक लाइसेंस, पार्किंग विकास, शहर के सौंदर्यीकरण जैसे कई कार्य किए जाएंगे।
नगर निगम की यह पहल शहर को साफ-सुथरा, सुव्यवस्थित और नागरिकों के लिए बेहतर बनाने का महत्वपूर्ण प्रयास है, जो सीधे जन सेवा को सशक्त करेगी।






