जयपुर, 9 सितंबर। राजगढ़ नगर पालिका के पार्षद महेंद्र दिनोदिया को पुलिस ने फर्जी दस्तावेज़ बनाकर ज़मीन हड़पने और ₹11 लाख की धोखाधड़ी करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। महेंद्र पर भू-माफियाओं के साथ मिलकर जाली मुख्तारनामा और अन्य दस्तावेज़ तैयार करवाने का आरोप है।
जिले के पुलिस अधीक्षक चूरू जय यादव ने जानकारी दी कि पीड़ित राजेश कुमार ने पुलिस में शिकायत दी थी। उसके अनुसार, राजगढ़ कस्बे में 3600 गज ज़मीन चंदूराम मोती रामाणी के नाम पर दर्ज है। वहीं आरोपी संगीता, बनवारी लाल, मंगतूराम और राधेश्याम सहित अन्य ने इस ज़मीन के दस्तावेज़ फर्जी तरीके से तैयार किए और 6 जनवरी 2016 को जाली बैयनामा बनवा लिया।
बाद में जब राजेश को पता चला कि बनवारी लाल इस जाली आधार पर ज़मीन का पट्टा बनवाने का प्रयास कर रहा है, तब उसने 6 अक्टूबर 2023 को नगर पालिका में आपत्ति दर्ज कराई। इसके बाद आरोपियों ने उसे धमकाना शुरू कर दिया।
पार्षद की मिलीभगत का खुलासा
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी संगीता द्वारा नगर पालिका में पेश किया गया कुर्सीनामा तत्कालीन पार्षद तीर्थराज ने सत्यापित किया था। तीर्थराज ने स्वीकार किया कि उन्होंने यह कार्य पार्षद महेंद्र दिनोदिया के कहने पर किया। महेंद्र ने न केवल दस्तावेज़ पर अपनी मोहर और हस्ताक्षर लगाए बल्कि उसकी फोटोकॉपी भी उपलब्ध कराई थी।
जांच से यह साफ हुआ कि महेंद्र ने मनोज नामक एक आरोपी के साथ मिलकर फर्जी दस्तावेज़ तैयार किए और पीड़ित राजेश को ₹11 लाख का चूना लगाया। पुलिस ने आरोपी महेंद्र के पास से मनोज द्वारा तैयार किया गया मूल घोषणा पत्र भी बरामद किया है।
पुलिस की कार्रवाई
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक किशोरीलाल और एएसपी अभिजीत पाटिल के नेतृत्व में राजगढ़ थाना पुलिस ने महेंद्र दिनोदिया (59), निवासी वार्ड 18, राजगढ़ को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी का पीसी रिमांड लेकर गहन पूछताछ शुरू कर दी है।






