Home » देश » लाठीचार्ज पर नाराज खरगे बोले नहीं मनाऊंगा जन्मदिन उत्सव, जवाबदेही तय करने का दिन

लाठीचार्ज पर नाराज खरगे बोले नहीं मनाऊंगा जन्मदिन उत्सव, जवाबदेही तय करने का दिन

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने छात्रों पर पुलिस लाठीचार्ज और आंसू गैस के इस्तेमाल के विरोध में मंगलवार को अपना जन्मदिन नहीं मनाने का फैसला किया। उन्होंने कहा कि आज उत्सव का नहीं, बल्कि जवाबदेही तय करने का दिन है।

खरगे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी संदेश में कहा, “कल देश ने छात्रों के शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक प्रदर्शन पर लाठीचार्ज, आंसू गैस के गोले और सरकारी दमन देखा। न्याय मांग रहे छात्रों की आवाज़ का जवाब सरकार ने बल प्रयोग से दिया। लोकतंत्र में ऐसा नहीं होना चाहिए।”

उन्होंने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए उन्होंने अपना जन्मदिन नहीं मनाने का निर्णय लिया है। साथ ही जन्मदिन की शुभकामनाएं देने वाले कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं, समर्थकों, शुभचिंतकों और सभी नागरिकों का आभार भी व्यक्त किया।

कांग्रेस अध्यक्ष ने सरकार से सवाल किया कि छात्रों की न्याय की मांग का जवाब लाठियों और आंसू गैस से क्यों दिया गया। उन्होंने यह भी पूछा कि संसद परिसर को लगभग सील क्यों किया गया और इंटरनेट सेवाएं क्यों बंद की गईं। इसके अलावा उन्होंने लगातार हो रहे पेपर लीक और लाखों युवाओं की पीड़ा की जिम्मेदारी तय करने की मांग की।

खरगे ने सरकार से मांग की कि इस मुद्दे पर संसद में तत्काल विस्तृत चर्चा कराई जाए। उन्होंने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक और राजनीतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग भी की।

इसके साथ ही उन्होंने सुरक्षित डिजिटल प्रश्न बैंक, रैंडमाइज्ड प्रश्नपत्रों पर आधारित छात्र-केंद्रित परीक्षा प्रणाली लागू करने, शिक्षा व्यवस्था को राजनीतिक हस्तक्षेप से मुक्त रखने तथा परीक्षा में अनियमितता होने पर अनिवार्य पुनर्परीक्षा और छात्रों को मुआवजा देने का कानूनी प्रावधान करने की मांग की।

खरगे ने कहा, “हमारे बच्चों को दमन नहीं, न्याय मिलना चाहिए।”

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर