Home » लाइफस्टाइल » सावन में बनाएं राजस्थानी फीणी, घर पर मिलेगा बाजार जैसा स्वाद

सावन में बनाएं राजस्थानी फीणी, घर पर मिलेगा बाजार जैसा स्वाद

 भारतीय मिठाइयों का स्वाद हर किसी को अपना फैन बना लेता है, चाहे फिर गुलाब जामुन, जलेबी या फिर घेवर ही क्यों ना हो. भारत में अलग-अलग मिठाइयां मिलती हैं, जिनको लोग बड़े चाव से खाना पसंद करते हैं और हर मिठाई का टेस्ट दूसरी से अलग होता है. इतना ही नहीं, यहां पर हर प्रदेश की अपनी एक खास मिठाई होती है और राजस्थान की पारंपरिक मिठाइयों की बात ही कुछ अलग है. यहां की मिठाइयों में देसी स्वाद, खुशबू और परंपरा का खूबसूरत मेल देखने को मिलता है.

ऐसी ही एक खास मिठाई है फीणी. बेहद महीन और रेशेदार बनावट वाली फीणी मुंह में जाते ही घुल जाती है. इसे आमतौर पर दूध, चीनी और मेवों के साथ परोसा जाता है. राजस्थान में त्योहारों और खास मौकों पर बनने वाली यह मिठाई अब आप घर पर भी आसानी से बना सकते हैं. अगर आप मीठा खाना पसंद करते हैं तो इस सावन आप घर पर फीणी बनाकर खा सकते हैं और अगर आपने इसे एक बार चख लिया तो बार-बार आप इसे खाने की डिमांड करेंगे.

मीठी फीणी बनाने के लिए सामग्री
    मैदा – 2 कप
    घी – 4-5 बड़े चम्मच
    कॉर्नफ्लोर – 2 बड़े चम्मच
    दूध या पानी – जरूरत के अनुसार
    तलने के लिए घी या तेल

चाशनी के लिए
    चीनी – 1 कप
    पानी – ½ कप
    इलायची पाउडर – ½ छोटा चम्मच
    केसर – कुछ धागे

गार्निश करने के लिए
    कटे हुए बादाम और पिस्ता
    केसर
    गर्म दूध

मीठी फीणी बनाने का आसान तरीका
    सबसे पहले एक बर्तन में मैदा लें और इसमें एक से दो चम्मच  देसी घी डालकर अच्छी तरह मिलाएं. अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए नरम आटा गूंथ लें. आटे को ढककर करीब 15 से 20 मिनट के लिए रख दें.
    अब एक कटोरी में घी और कॉर्नफ्लोर डालकर अच्छी तरह फेंट लें, जब तक कि एक चिकना पेस्ट तैयार न हो जाए. यह मिक्सर फीणी की परतों को महीन और कुरकुरा बनाने में मदद करेगा.
    आटे की छोटी-छोटी लोइयां बनाएं और उन्हें पतली रोटी की तरह बेल लें. अब एक रोटी पर घी-कॉर्नफ्लोर के घोल में लगाएं और उसके ऊपर दूसरी रोटी रखें.
    इसी तरह 3 से 4 परतें तैयार करें. इन्हें रोल करके पतली लंबी पट्टी बनाएं और छोटे टुकड़ों में काट लें.
    अब हर टुकड़े को हल्के हाथों से खींचकर महीन रेशों जैसा शेप दें. ध्यान रखें कि ज्यादा जोर न लगाएं, वरना फीणी टूट सकती है.
    कड़ाही में घी या तेल गर्म करें और फीणी को स्लो गैस पर गोल्डन और कुरकुरा होने तक फ्राई करें. इसे निकालकर अतिरिक्त घी सोखने के लिए रख दें.
    अब चाशनी बनाने के लिए एक पैन में चीनी और पानी डालकर गर्म करें. इसमें इलायची पाउडर और केसर डालें. हल्की चिपचिपी चाशनी तैयार होने पर गैस बंद कर दें.
    तली हुई फीणी को हल्की गर्म चाशनी में डालकर तुरंत निकाल लें या ऊपर से चाशनी डालें. आखिर में इसे  बादाम, पिस्ता और केसर डालकर गार्निश कर दें.
    आप चाहें तो फीणी को गर्म दूध में डालकर भी खा सकते हैं. दूध में डालने पर इसका स्वाद और भी शानदार लगता है.

प्रो टिप-
फीणी को हमेशा धीमी या मिडियम आंच पर तलें. तेज आंच पर यह बाहर से जल्दी भूरी हो सकती है, लेकिन अंदर से कुरकुरी नहीं बनेगी. आटे की परतों के बीच घी और कॉर्नफ्लोर का घोल अच्छी तरह लगाना भी बेहद जरूरी है.

सावन के महीन में राजस्थानी फीणी की डिमांड काफी बढ़ जाती है और बाजारों में 400 से 600 रुपये किलो फीणी बिकना शुरू हो जाती है. ऐसे में आप चाहे तो इस आसान रेसिपी को फॉलो करके इसे अपने घर पर तैयार कर सकते हैं.

 

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर