Home » खेल » अश्विन का गंभीर पर वार, बोले टीम इंडिया की रणनीति में नहीं दिख रही स्पष्टता

अश्विन का गंभीर पर वार, बोले टीम इंडिया की रणनीति में नहीं दिख रही स्पष्टता

नई दिल्ली
इंग्लैंड से वनडे सीरीज हारने के बाद 2027 वर्ल्ड कप के लिए टीम इंडिया की तैयारियों की हवा निकलती दिख रही है। रोहित शर्मा, विराट कोहली और जसप्रीत बुमराह जैसे बड़े नामों के होने के बाद भी टीम का खेल बेहद घटिया रहा। इस हार के बाद पूर्व स्पिनर आर अश्विन ने खुलकर बोला है। उन्होंने साफ कहा कि गौतम गंभीर की कोचिंग में टीम का कोई सिर-पैर नजर नहीं आ रहा है जबकि राहुल द्रविड़ के दौर में कम से कम सोच एकदम साफ रहती थी।

आर अश्विन ने गंभीर पर साधा निशाना
आर अश्विन के मुताबिक टीम की सबसे बड़ी सिरदर्दी हार्दिक पंड्या का कोई पक्का विकल्प न होना है। हार्दिक आए दिन चोटिल रहते हैं और यह भी पक्का नहीं है कि वो अगले साल वर्ल्ड कप खेलेंगे या नहीं। उनके चक्कर में टीम मैनेजमेंट नीतीश रेड्डी और शिवम दुबे जैसे खिलाड़ियों के पीछे पड़ा है जो न तो पूरी तरह गेंदबाज हैं और न ही पक्के बल्लेबाज। अश्विन का मानना है कि ऐसे आधे-अधूरे खिलाड़ियों के भरोसे आप वर्ल्ड कप नहीं जीत सकते।

राहुल द्रविड़ की कोचिंग पर क्या कहा?
राहुल द्रविड़ के दौर की मिसाल देते हुए अश्विन ने गंभीर के तरीकों की पोल खोली और कहा, ‘हार्दिक नहीं हैं तो आप बार-बार उन्हीं खिलाड़ियों का रोना रोते हैं जो फिट ही नहीं हैं। 2023 वर्ल्ड कप को याद कीजिए हार्दिक के चोटिल होने के बाद द्रविड़ ने किसी तरह की अफरातफरी नहीं मचने दी। उन्होंने मजबूरी में कोई छठा कामचलाऊ गेंदबाज ढूंढने की जगह पांच पक्के गेंदबाजों के साथ उतरने का निडर फैसला लिया और टीम फाइनल तक पहुंची। मौजूदा कोचिंग स्टाफ को बस आधे-अधूरे ऑलराउंडर खिलाने का शौक चढ़ा हुआ है और इसी बेतुकी सोच की वजह से हम टेस्ट मैचों में भी मात खा रहे हैं।’

अब विकल्पों का प्रयोग करना होगा बंद
अश्विन ने आगे सलाह दी कि अगर भारत को सच में 2027 का वर्ल्ड कप जीतना है तो ये रोज-रोज के नए प्रयोग बंद करने होंगे। उन्होंने कहा कि गंभीर और सेलेक्टर्स को अब और ड्रामा बंद करके तुरंत 17-18 खिलाड़ियों का एक पक्का ग्रुप बना लेना चाहिए जिसमें 2 कीपर, 3 स्पिनर और 5 तेज गेंदबाज हों।

विश्व कप की तैयारी का सीधा फार्मूला समझाते हुए अश्विन ने आखिर में कहा, ‘खिलाड़ियों के नाम पर बहस करने से पहले सोच में क्लैरिटी लाओ। 17-18 खिलाड़ियों की लिस्ट थमा दो कि भाई अगले 14 महीने यही लोग खेलेंगे। इसी ग्रुप के खिलाड़ियों को अदल-बदलकर मौका दो ताकि वर्ल्ड कप के पहले मैच में हमारी बेस्ट प्लेइंग-11 मैदान पर उतरे।’

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर