Home » देश » Uttarakhand Weather: उत्तराखंड में मूसलाधार बारिश से हालात बेकाबू, फ्लैश फ्लड का अलर्ट; कई जिलों में स्कूल बंद

Uttarakhand Weather: उत्तराखंड में मूसलाधार बारिश से हालात बेकाबू, फ्लैश फ्लड का अलर्ट; कई जिलों में स्कूल बंद

देहरादून

देश के कई हिस्सों में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। उत्तराखंड में भी भारी बारिश का दौर फिर लौट आया है। देहरादून समेत प्रदेश के कई हिस्सों में आधी रात से लगातार बारिश हो रही है। कई इलाकों में बिजली भी गुल है। आज मौसम विभाग ने प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है। यह अलर्ट देहरादून, रुद्रप्रयाग, चमोली, उत्तरकाशी, नैनीताल समेत 9 जिलों के लिए है। इतना ही नहीं मौसम विभाग ने कई हिस्सों में अचानक बाढ़ (फ्लश फ्लड) का भी अलर्ट जारी किया है। मौसम संबंधी चेतावनियों के बाद देहरादून, पौड़ी, पिथौरागढ़ समेत कई जिलों में आज स्कूलों की छुट्टी है।

मौसम विभाग ने उत्तराखंड में अधिकतर जिलों के कुछ क्षेत्रों में मंगलवार को भारी बारिश से बहुत भारी की चेतावनी देते हुए ‘ऑरेंज अलर्ट’ तथा शेष जिलों में ‘यलो अलर्ट’ जारी किया है जिसे देखते हुए अधिकारियों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

इन जिलों में अलर्ट
मौसम विभाग ने उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, उधमसिंह नगर, बागेश्वर, पिथौरागढ़ एवं नैनीताल जिलों के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है तथा उनके कुछ क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है। इन जिलों में गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने एवं वर्षा के अत्यंत तीव्र दौर होने की संभावना व्यक्त की गयी है।

फ्लश फ्लड की चेतावनी
राज्य के शेष जिलों में भी कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना के साथ ‘यलो अलर्ट’ जारी किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि अलर्ट के मद्देनजर जिला प्रशासनों को सतर्क रहने और सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही, आईएमडी ने कई क्षेत्रों में अचानक बाढ़ (फ्लैश फ्लड) का जोखिम भी जताया है।

उधर, सोमवार को भी राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में बारिश हुई । डंगोली में 65 मिमी, बेरीनाग में 41.5, घाट में 41, सोंग में 40, बस्तिया में 37, हल्द्वानी में 35, अल्मोड़ा में 33.5, जखोली में 32 मिमी और टनकपुर में 28 मिमी बारिश दर्ज की गयी ।

हल्द्वानी में उमस के बाद बरसी राहत
हल्द्वानी में सोमवार को सुबह से हल्के बादलों के बीच धूप निकली रही। लेकिन दिन के समय उमस से लोग परेशान रहे। शाम होते-होते रिमझिम बारिश ने उमस से राहत दी। देर शाम तक हवाएं भी चलती रहीं। शहर में दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट ली। तीन बजे के आसपास तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई, जो देर शाम तक जारी रही। बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज हुई।

पंतनगर के मौसम विशेषज्ञ डॉ.एएस नैन ने बताया कि अधिकतम तापमान 32 और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। बारिश से शहर की कई सड़कों पर जलभराव हो गया। खासकर खुदी हुई सड़कों पर कीचड़ जमा होने से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि बारिश के बावजूद अभी तक किसी भी सड़क के बंद होने की सूचना नहीं है। यातायात सामान्य रूप से चलता रहा। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में भी हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर